मुजफ्फरनगर। जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भोपा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20.360 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत अवैध बाजार में लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मेरठ जोन स्तर पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के अंतर्गत जिलेभर में अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक देहात एवं क्षेत्राधिकारी भोपा के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध गांजे की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाला है।सूचना पर पुलिस टीम ने निरगाजनी बिजलीघर के समीप घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उमर मोहम्मद पुत्र वलीदीन निवासी ग्राम शेरनगर थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़ा हुआ है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।भोपा थाने में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सपन चौधरी, उपनिरीक्षक सुमित चौधरी, हेड कांस्टेबल विनय कुमार सहित कांस्टेबल देशराज, संजीव, रितिक, प्रवीन कुमार एवं प्रमोद कुमार शामिल रहे।