मुजफ्फरनगर। पौराणिक तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में शनिवार से शुरू होने वाले प्रसिद्ध ज्येष्ठ दशहरा गंगा स्नान मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए मेला क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की गई हैं। शुक्रवार को जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल एवं उपजिलाधिकारी जानसठ रश्मि लांबा ने संयुक्त रूप से शुकतीर्थ पहुंचकर गंगा घाटों और मेला परिसर का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रहे निर्माण एवं सुरक्षा कार्यों को देखा और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपजिलाधिकारी रश्मि लांबा ने बताया कि मेले की सभी प्रशासनिक और बुनियादी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।उन्होंने बताया कि मेले के प्रमुख स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी। गंगा घाटों पर बैरिकेडिंग कर गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। महिलाओं की सुविधा के लिए अलग से चेंजिंग रूम बनाए गए हैं, वहीं पेयजल और अस्थाई शौचालयों की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि मेले के दौरान तीर्थ नगरी में स्वच्छता बनाए रखना प्राथमिकता होगी। इसके लिए विशेष सफाई टीमों की तैनाती की गई है, जो लगातार कूड़ा निस्तारण और सफाई कार्य में लगी रहेंगी।निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी योगेश कुमार, नायब तहसीलदार बृजेश कुमार, अक्षय शर्मा सहित लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन को उम्मीद है कि इस वर्ष मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होंगी।