मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में गुरुवार देर रात पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने थाना नई मंडी क्षेत्र के भोपा रोड पर भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जबकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होती दिखाई दी।एसपी सिटी ने भोपा रोड स्थित प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान में पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए। पैदल मार्च के दौरान पुलिस टीम ने सड़क किनारे अस्थायी रूप से रह रहे घुमंतू परिवारों के डेरों में पहुंचकर विशेष सत्यापन अभियान भी चलाया।पुलिस द्वारा आधुनिक ‘यक्ष ऐप’ के माध्यम से वहां निवास कर रहे लोगों का डिजिटल सत्यापन किया गया। अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति की पहचान, मूल निवास, आने के उद्देश्य तथा पहचान पत्रों का ऑनलाइन रिकॉर्ड तैयार किया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार के सत्यापन अभियान का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।अमृत जैन ने चौराहों और पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि देर रात संदिग्ध वाहनों एवं संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले व्यक्तियों की सघन जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।इसके अतिरिक्त एसपी सिटी ने बाजारों और सड़कों पर यातायात बाधित करने वाले अवैध अतिक्रमण तथा लंबे समय से खड़े संदिग्ध वाहनों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए।इस दौरान क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी नई मंडी समेत बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group