मुजफ्फरनगर। राज्य वस्तु एवं सेवाकर विभाग की विशेष जांच शाखा ने टैक्स चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मेरठ रोड स्थित सुजडू औद्योगिक क्षेत्र की एक औद्योगिक इकाई पर छापेमारी कर भारी अनियमितताएं पकड़ी हैं। विभागीय जांच में स्टॉक और रिकॉर्ड में बड़ा अंतर मिलने के बाद फर्म से 17 लाख रुपये से अधिक की कर वसूली की गई है। कार्रवाई के बाद औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।सूत्रों के अनुसार विशेष जांच शाखा की टीम पिछले कई दिनों से संबंधित फर्म की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। अधिकारियों को संदेह था कि फैक्टरी से निकलने वाले माल का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के किया जा रहा है। इसके बाद विभागीय स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई और ट्रकों की आवाजाही पर गोपनीय तरीके से नजर रखी गई।जांच के दौरान यह सामने आया कि कई वाहनों के लिए अनिवार्य ई-वे बिल जारी नहीं किए जा रहे थे। अधिकारियों को आशंका हुई कि बिना कर अदा किए माल बाजार में भेजा जा रहा है। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एसजीएसटी की टीम ने उपायुक्त मनोज कुमार शुक्ला के नेतृत्व में फैक्टरी परिसर में छापा मार दिया।कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने फैक्टरी में मौजूद कच्चे और तैयार माल का भौतिक सत्यापन कराया। जब स्टॉक का मिलान फर्म के दस्तावेजों और ऑनलाइन रिकॉर्ड से किया गया तो भारी अंतर सामने आया। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक रिकॉर्ड में दर्शाए गए माल की तुलना में वास्तविक स्टॉक काफी कम मिला, जिससे टैक्स चोरी की पुष्टि हुई।संयुक्त आयुक्त सिद्धेशचंद दीक्षित ने बताया कि जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टैक्स और जुर्माने के रूप में 17 लाख रुपये से अधिक की वसूली की है। इसमें करीब ढाई लाख रुपये की पेनाल्टी भी शामिल है।एसजीएसटी विभाग की इस कार्रवाई के बाद औद्योगिक इकाइयों में खलबली मची हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजस्व चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाली फर्मों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।