प्रयागराज। शहर के साउथ मलाका क्षेत्र स्थित हीवेट रोड चौराहे के पास मंगलवार को एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक बुजुर्ग दंपती और उनकी बेटी शामिल हैं। पुलिस मामले को हत्या के एंगल से जांच रही है।जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों को घर से तेज दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाहर से बंद घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया। कमरे में तीनों के शव बेड पर पड़े मिले।मृतकों की पहचान वीरेंद्र कुमार वैश्य (70), उनकी पत्नी अंकिता वैश्य (62) और बेटी मीनाक्षी वैश्य (40) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों के सिर पर चोट के निशान मिले हैं तथा कमरे में खून के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।बताया गया है कि वीरेंद्र कुमार वैश्य स्थानीय व्यापारी थे। उनके मकान के निचले हिस्से में कई दुकानें हैं, जिन्हें किराये पर दिया गया है। उनकी बेटी मीनाक्षी भी एक दुकान का संचालन करती थी।घटना के बाद परिवार का बेटा अभिषेक घर पर नहीं मिला। पुलिस ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।सूचना पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group