मुजफ्फरनगर। जनगणना के तहत चल रहे मकान सूचीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कम प्रगति वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।बुधवार को जूम एप के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे मकान सूचीकरण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। समीक्षा के दौरान कुछ क्षेत्रों में कार्य की गति धीमी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अगले तीन दिनों के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में मकान सूचीकरण कार्य की प्रगति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करें। साथ ही आपसी समन्वय बनाकर कार्य को समयबद्ध और त्रुटिरहित तरीके से पूरा किया जाए।अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करने और सूचीकरण कार्य की निगरानी करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के बाद जिन क्षेत्रों में प्रगति संतोषजनक नहीं मिलेगी, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में जनपद के सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।प्रशासन का लक्ष्य है कि जनगणना-2027 से जुड़े सभी कार्य समय पर और पूरी शुद्धता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए सही आंकड़े उपलब्ध हो सकें।