शामली के झिंझाना थाना क्षेत्र के ग्राम भाऊखेड़ा निवासी एक परिवार ने अपने इकलौते बेटे को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने और धर्म परिवर्तन कराने के आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने योग साधना आश्रम बघरा पहुंचकर अपनी शिकायत रखी। मामले में पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।परिजनों का आरोप है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले सहारनपुर निवासी एक युवती उनके बेटे को अपने साथ ले गई थी। उनका कहना है कि इसके बाद से युवक घर वापस नहीं लौटा। परिवार के अनुसार बीच-बीच में फोन पर संपर्क हुआ, जिसमें कथित रूप से बताया गया कि युवक अब पहले की तरह जीवन नहीं जी रहा और उसका धर्म परिवर्तन करा दिया गया है।पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि फोन पर उनकी कृषि भूमि को दूसरे लोगों के नाम करने का दबाव बनाया जा रहा है। परिवार का कहना है कि उनके पास लगभग 30 बीघा जमीन है और इसी को लेकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर धमकी मिलने का भी आरोप लगाया गया है।परिवार ने बताया कि पूरे मामले की लिखित शिकायत झिंझाना थाने में दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं होने से वे चिंतित हैं। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।योग साधना आश्रम बघरा के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।स्वामी यशवीर महाराज ने यह भी कहा कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो सामाजिक स्तर पर विरोध दर्ज कराया जाएगा। फिलहाल परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर तथ्यों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।