मुजफ्फरनगर में कैमिस्ट एसोसिएशन की ओर से भोपा रोड स्थित एक होटल में सम्मान समारोह और कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के नए औषधि निरीक्षक देशबंधु विमल का स्वागत किया गया, जबकि शामली स्थानांतरित हुए औषधि निरीक्षक पवन शाक्य को विदाई दी गई।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने देशबंधु विमल को फूल-माला और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। दवा व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि उनके आने से विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा तथा समस्याओं का समाधान आसान होगा।इस दौरान पवन शाक्य के कार्यकाल को भी याद किया गया। व्यापारियों ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ काम किया। साथ ही जरूरत पड़ने पर दवा व्यापारियों का सहयोग भी किया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।सम्मान समारोह के साथ आयोजित कार्यशाला में दवा व्यापार से जुड़े कई जरूरी विषयों पर चर्चा हुई। नए नियमों, दवा लाइसेंस प्रक्रिया और औषधियों की गुणवत्ता बनाए रखने को लेकर अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने साफ कहा कि जनहित और पारदर्शिता उनकी प्राथमिकता रहेगी।कार्यक्रम में व्यापारियों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। इस पर विभाग की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया गया। एसोसिएशन ने कहा कि जिले का दवा व्यापारी वर्ग हमेशा नियमों का पालन करते हुए विभाग के साथ सहयोग करता रहेगा।कार्यक्रम में कमलजीत सिंह, अक्षय मित्तल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और दवा व्यापारी मौजूद रहे।