मुरादाबाद। रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नौचंदी एक्सप्रेस से लाखों रुपये के आभूषण चोरी करने के आरोप में एक कोच अटेंडेंट को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर करीब 12 लाख रुपये मूल्य के सोने-हीरे के आभूषण तथा नकदी बरामद की गई है।रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन पर नियमित गश्त और सघन जांच अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पूछताछ और तलाशी के बाद उसकी पहचान रामपुर जनपद के टांडा थाना क्षेत्र के बैजनी गांव निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई, जो ट्रेन में कोच अटेंडेंट के रूप में कार्यरत था।तलाशी के दौरान उसके पास से हीरे जड़ी सोने की चूड़ियां, पेंडेंट, झुमके, कुर्ता बटन का सेट तथा 10,100 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 27 जून को ट्रेन संख्या 14241 नौचंदी एक्सप्रेस के एच-1 कोच में ड्यूटी के दौरान उसे सीट संख्या 15 पर एक महिला यात्री का छूटा हुआ पर्स मिला था। लालच में आकर उसने पर्स में रखे कीमती जेवर और नकदी निकाल ली तथा बाद में उन्हें स्टेशन परिसर में पत्थरों के नीचे छिपा दिया।जांच के दौरान पुलिस ने पीड़ित पक्ष से संपर्क कर बरामद सामान की पहचान कराई। वीडियो कॉल के माध्यम से यात्री पक्ष ने जेवर और नकदी को अपना बताया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी को मौके पर लेकर गई, जहां उसकी निशानदेही पर छिपाए गए अन्य आभूषण भी बरामद कर लिए गए।रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और यह भी खंगाला जा रहा है कि आरोपी पहले किसी अन्य चोरी की घटना में शामिल रहा है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group