मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति, सास और ससुर पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गंभीर उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह 16 फरवरी 2021 को भोपा क्षेत्र के ग्राम कासमपुर निवासी प्रदीप के साथ हुआ था। विवाह में परिजनों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। साथ ही मोटरसाइकिल और अन्य घरेलू सामान भी दिया गया था। इसके बावजूद, आरोप है कि ससुराल पक्ष शादी से संतुष्ट नहीं था।महिला का कहना है कि विवाह के कुछ समय बाद ही अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी गई। आरोप है कि पति, सास और ससुर एक बुलेट मोटरसाइकिल तथा दो लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती रही।पीड़िता ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ क्रूर व्यवहार किया जाता था। उसने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और कई बार बच्चों के सामने भी उसके साथ मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि 23 जून को विवाद बढ़ने पर ससुराल पक्ष ने उसके साथ मारपीट की और घर से बाहर निकाल दिया।शिकायतकर्ता के अनुसार इससे पहले रिश्तेदारों और समाज के लोगों ने हस्तक्षेप कर समझौता कराने का प्रयास किया था, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। उत्पीड़न लगातार जारी रहने के बाद उसने पुलिस की शरण ली।भोपा थाना पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर पति प्रदीप, सास रजनी और ससुर कंवरपाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।