मेरठ। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सैदीपुर उर्फ रामनगर में बुजुर्ग महिला की हत्या और जेवर चोरी की गुत्थी पुलिस ने महज चार घंटे में सुलझाने का दावा किया है। थाना पुलिस, विशेष अभियान दल और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, लूटे गए सोने के कुंडल, चांदी की पाजेब और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार गांव निवासी 67 वर्षीय फूल समुन्द्री पत्नी स्वर्गीय रामसिंह की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल विशेष अभियान शुरू कराया। जांच के लिए थाना परीक्षितगढ़ पुलिस के साथ विशेष अभियान दल, सर्विलांस टीम तथा अन्य पुलिस इकाइयों सहित पांच टीमें गठित की गईं। टीमों ने अलग-अलग बिंदुओं पर काम करते हुए साक्ष्य जुटाने शुरू किए।जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे 25 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही 100 से अधिक ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।पुलिस ने ग्राम रामनगर रजवाहे की पुलिया के पास से आरोपी 65 वर्षीय लीलू सिंह पुत्र सगबा सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के बाद पुलिस ने हत्या के साथ चोरी और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धाराएं भी मुकदमे में बढ़ा दी हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए गए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group