मुजफ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने निवेश पर ऊंचे मुनाफे का लालच देकर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी कंपनियां बनाकर निवेशकों को रियल एस्टेट परियोजनाओं में धन लगाने के लिए प्रेरित किया और करीब एक करोड़ 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और कंपनी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि शामली निवासी अंकुश कौशिक समेत 20 से अधिक निवेशकों ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि जुलाई 2025 में उन्हें कुछ लोगों से मिलवाया गया, जिन्होंने स्वयं को ‘ग्लोबल टेक रियलटी’ और ‘जीटी एफएक्स ट्रेडिंग’ नामक कंपनियों का संचालक बताया। आरोपियों ने महावीर चौक स्थित कार्यालय में निवेशकों को बुलाकर बैंक अभिलेख, परियोजना विवरण और अन्य दस्तावेज दिखाए, जिससे उनका विश्वास जीत लिया।आरोपियों ने खतौली में रियल एस्टेट परियोजना, देहरादून में रिसॉर्ट तथा ऋषिकेश में प्रस्तावित विकास कार्यों का हवाला देते हुए निवेश पर प्रतिमाह 10 से 12 प्रतिशत लाभ देने का दावा किया। साथ ही मूल धन पूरी तरह सुरक्षित रहने का भरोसा भी दिया। इन दावों के आधार पर निवेशकों ने कुल एक करोड़ 12 लाख रुपये जमा कर दिए।शुरुआती दौर में आरोपियों ने लगभग 35 लाख रुपये लाभांश के रूप में लौटाए, जिससे निवेशकों का भरोसा और बढ़ गया। बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया गया। जब निवेशकों ने अपनी मूल राशि वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। जांच में सामने आया कि निवेश के नाम पर दिखाए गए दस्तावेज कूटरचित थे।मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जानसठ फ्लाईओवर के नीचे से हरेन्द्र मलिया, दीपक चौधरी और प्रवीन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group