मुजफ्फरनगर, 2 जुलाई 26। जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, बाह्य रोगी विभाग की व्यवस्था, दवा वितरण, चिकित्सकीय अभिलेखों तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही शासन की मंशा के अनुरूप सभी स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के बाद, स्वयं अस्थि रोग विशेषज्ञ होने के नाते डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसौली में अस्थि रोग संबंधी चिकित्सकीय परामर्श शिविर भी संचालित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श दिया गया।उन्होंने मरीजों को हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं से बचाव के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया। सीएमओ ने कहा कि जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमित निरीक्षण और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के माध्यम से आमजन को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए विभाग निरंतर प्रयासरत है।