मुजफ्फरनगर, 2 जुलाई 26। आगामी 21 से 23 अगस्त तक माननीय उच्चतम न्यायालय में आयोजित होने वाले समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुजफ्फरनगर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक वादों के निस्तारण पर जोर दिया गया।सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 21 से 23 अगस्त 2026 तक माननीय उच्चतम न्यायालय में समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर तैयारियों की समीक्षा हेतु बैठक बुलाई गई।बैठक श्री विष्णु चन्द्र वैश्य, नोडल अधिकारी समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) एवं अपर जिला जज, कोर्ट संख्या-01 के विश्राम कक्ष में आयोजित हुई। इस दौरान उन्होंने उच्चतम न्यायालय से प्राप्त वादों में अधिक से अधिक प्री-सिटिंग कर मामलों को चिन्हित करने और आपसी सहमति से उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में न्यायिक अधिकारियों ने विशेष लोक अदालत की सफलता के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया। साथ ही डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी को नोटिस तामील कराने तथा पीठ के साथ समुचित सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में श्री महेशा नंद झा, अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय संख्या-03, श्री अनुराग पंवार, विशेष न्यायाधीश, श्री मनोज कुमार सिद्ध, अपर जिला जज तथा श्री काशिफ शेख, अपर जिला जज, कोर्ट संख्या-08 सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।