मुजफ्फरनगर। जिला कचहरी परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी फैल गई, जब परिसर में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक आग भड़क उठी। तेज आवाज के साथ निकली चिंगारियों ने आसपास की बिजली लाइनों को भी चपेट में ले लिया, जिससे कुछ ही मिनटों में हालात बिगड़ते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीषण गर्मी और अधिक लोड के चलते ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आई। इसके बाद तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और नीचे पड़ी सूखी घास व केबल सुलग उठे। पिघलती तारों और उठती लपटों को देख वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
हादसे के दौरान एक व्यक्ति टूटे हुए करंट प्रवाहित तार के बेहद करीब पहुंच गया था, लेकिन मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसे खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। इस त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया और मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मी की सराहना की।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम पहुंची और आग पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे आग फैलने से रोकी जा सकी।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि ट्रांसफार्मर और कई बिजली केबल जलकर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कचहरी परिसर के एक बड़े हिस्से की बिजली बाधित हो गई। विद्युत विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है और जल्द आपूर्ति बहाल करने की कोशिश कर रही है।
