मुजफ्फरनगर। जिले में एक शादी समारोह उस समय तनावपूर्ण माहौल में बदल गया, जब बारात के दौरान डीजे पर नाचते वक्त दो पक्षों के बीच विवाद भड़क उठा। कुछ ही मिनटों में कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सिखेड़ा क्षेत्र के बेहड़ा अस्सा गांव से एक बारात खतौली क्षेत्र के एक गांव में पहुंची थी। बताया जा रहा है कि शादी से एक दिन पहले ही दूल्हा पक्ष और बिचौलिया (लड़की के जीजा) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसी रंजिश ने बारात के दिन तूल पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब बारात चढ़त के दौरान डीजे पर नृत्य चल रहा था, तभी दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले बहस हुई और फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बिचौलिया पक्ष के कुछ लोग पहले से तैयार होकर आए थे, जिन्होंने अचानक बारातियों पर हमला कर दिया।
हंगामे के बीच लोग इधर-उधर भागने लगे, जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। इसी दौरान डीजे संचालक भी अपना साउंड सिस्टम समेटकर वहां से निकल गया, जिससे कार्यक्रम पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने की बात सामने आई, जिसके चलते किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई।
हंगामे के चलते कई बाराती बीच में ही वापस लौट गए, जबकि कुछ लोगों ने रुककर किसी तरह शादी की बाकी रस्में पूरी कराईं।
