मुजफ्फरनगर, 28 अप्रैल 2026। आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सी०डी०) डॉ. सत्येन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जनपद के सभी न्यायिक अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में डॉ. चौधरी ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित एवं आपसी सहमति से निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि वादकारियों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने बताया कि माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में 9 मई (द्वितीय शनिवार) को दीवानी न्यायालय परिसर मुजफ्फरनगर सहित बाह्य न्यायालय बुढाना, ग्राम न्यायालय जानसठ, ग्राम न्यायालय खतौली तथा कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।


लोक अदालत में आपराधिक मामलों के साथ ही धारा 138 एनआई एक्ट, बैंक रिकवरी, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, टेलीफोन, बिजली व पानी के बिल, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, राजस्व एवं अन्य सिविल वादों का निस्तारण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अधिक से अधिक मामलों को चिन्हित कर लोक अदालत में प्रस्तुत करें, जिससे पक्षकारों को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय मिल सके।
बैठक में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती कविता अग्रवाल, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री देवेन्द्र फौजदार, सिविल जज (सी०डी०) श्री रघुवंशमणि सिंह, अपर सिविल जज श्री जशीम खान, सुश्री सोनम गुप्ता सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group